


मलहरिया आंगनबाड़ी केंद्र में अनियमितता, तीन बच्चे मिले, सेविका-सहायिका अनुपस्थित
पूर्णिया : मलहरिया पंचायत
सरकार जहां नौनिहालों के बेहतर पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने के दावे कर रही है, वहीं जमीनी हकीकत इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। ताजा मामला प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मलहरिया पंचायत के वार्ड संख्या 3 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 86 का है, जहां व्यवस्थाओं में गंभीर अनियमितता सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह आंगनबाड़ी केंद्र गांव के एक निजी घर में संचालित हो रहा है। केंद्र में न तो पर्याप्त जगह है और न ही बच्चों के बैठने व खेलने की समुचित व्यवस्था है। एक छोटे कमरे के कोने में रखी चौकी के नीचे तिरपाल बिछाकर बच्चों को बैठाया गया था।
मंगलवार सुबह करीब 9 बजे केंद्र पर महज तीन बच्चे मौजूद मिले, जो आपस में खेल रहे थे। इस दौरान सेविका शांति कुमारी और सहायिका आरती कुमारी की उपस्थिति नदारद रही।
ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र नियमित समय पर नहीं खुलता, जिससे बच्चों को मिलने वाली पोषण और शिक्षा संबंधी सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। उनका कहना है कि निर्धारित आहार के बजाय बच्चों को अक्सर केवल बिस्कुट देकर खानापूर्ति की जाती है, जबकि सरकार की ओर से नाश्ता और भोजन की स्पष्ट व्यवस्था तय है।
एक स्थानीय ग्रामीण ने बताया कि केंद्र कई दिन बंद रहता है। जब खुलता भी है तो न समय तय रहता है और न ही बच्चों के लिए पर्याप्त व्यवस्था होती है। ऐसे में योजना का लाभ बच्चों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
ग्रामीणों ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।















