


भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र स्थित दोगच्छी में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो मोटरसाइकिलों पर सवार युवकों ने आगे चल रहे ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, दो बाइक पर सवार चार युवक एक तिलक समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान दोगच्छी के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि सभी युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

घायलों की पहचान त्रिपुरारी कुमार, हरियो (अकबरनगर निवासी, स्वर्गीय प्रमोद रॉय के पुत्र), मंगल कुमार, रविशंकर सहित एक अन्य युवक के रूप में हुई है। घटना के बाद दोगच्छी निवासी सुनील यादव ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सूचना मिलते ही नाथनगर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल नाथनगर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रात करीब नौ बजे बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच (मायागंज अस्पताल) रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय युवक शराब के नशे में थे, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दुर्घटना हो गई। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
नाथनगर इंस्पेक्टर राजीव रंजन सिंह ने बताया कि दो मोटरसाइकिल सवार युवकों द्वारा ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मारने के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी घायलों का इलाज चल रहा है और मामले की जांच की जा रही है।
















