


मदन अहिल्या महिला कॉलेज के पास बंद रेलवे फाटक पार करते समय एक्सप्रेस ट्रेन ने मारी टक्कर
नवगछिया में शुक्रवार की संध्या एक हृदयविदारक रेल हादसे में साइकिल सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रोफेसर कॉलोनी निवासी पवन शर्मा (पिता– गोपाल शर्मा, उम्र लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने पीछे पत्नी एवं एक पुत्र राजा शर्मा को छोड़ गए हैं। इस घटना के बाद परिवार सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, पवन शर्मा शुक्रवार को नवगछिया स्थित विद्युत कार्यालय गए थे। उनका बिजली कनेक्शन बंद होने के बावजूद बिल आने की समस्या को लेकर वे आवेदन देने के लिए साइकिल से घर से निकले थे। कार्यालय का कार्य पूरा कर वे साइकिल से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान नवगछिया के मदन अहिल्या महिला कॉलेज के समीप बंद रेलवे फाटक को पार करने के क्रम में अचानक तेज रफ्तार से आ रही एक एक्सप्रेस ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन की गति अत्यधिक तेज थी, जिससे पवन शर्मा को संभलने या हटने का कोई मौका नहीं मिल सका। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ट्रेन उन्हें लगभग 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई। बताया जाता है कि लोको पायलट द्वारा इमरजेंसी ब्रेक लगाने के बाद ही स्थिति नियंत्रित हो सकी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए। मृतक की जेब से मिले आवेदन पत्र एवं मोबाइल नंबर के आधार पर उनकी पहचान की गई और परिजनों को सूचित किया गया। कुछ ही देर में मृतक के पुत्र राजा शर्मा सहित अन्य परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा छा गया।
वहीं, इस संबंध में रंगरा थानाध्यक्ष पुनि विश्वबंधु कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं मिली है। नवगछिया रेल थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
स्थानीय लोगों ने बंद रेलवे फाटक के बावजूद लोगों द्वारा ट्रैक पार करने की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।















