


बाइक वाशिंग के दौरान हुआ हादसा, पत्नी ने निष्पक्ष जांच और सीसीटीवी जांच की मांग उठाई
नवगछिया : नवगछिया थाना क्षेत्र स्थित दक्ष ऑटोमोबाइल हीरो होंडा शोरूम में रविवार को बाइक वाशिंग के दौरान करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के ध्रुवगंज निवासी 28 वर्षीय मो० इजहार, पिता मो० इजरायल के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया है। अस्पताल पहुंची पत्नी, मां एवं अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

जानकारी के अनुसार मो० इजहार पिछले करीब आठ वर्षों से नवगछिया स्थित हीरो शोरूम में मोटरसाइकिल मिस्त्री के रूप में कार्यरत था। रविवार को वह शोरूम परिसर में बाइक वाशिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसे बिजली का तेज करंट लग गया। करंट लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा।
घटना के बाद शोरूम में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने आनन-फानन में उसे उठाकर अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी नेहा खातून बेसुध होकर रोती रही। परिवार के लोगों ने बताया कि इजहार ही घर का मुख्य कमाने वाला सदस्य था और उसी की कमाई से पूरे परिवार का खर्च चलता था।
मृतक की मा ने आरोप लगाया कि इजहार पिछले दो महीनों से शोरूम में मानसिक रूप से परेशान था। उन्होंने कहा कि वहां उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। पत्नी ने मामले की निष्पक्ष जांच और घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने की मांग की है, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके।

परिजनों के अनुसार इजहार अपने भाइयों में दूसरे नंबर पर था। सबसे बड़े भाई मोहम्मद अकबर हैं, जबकि उससे छोटे चार भाई अभी पढ़ाई कर रहे हैं। मृतक का एक छोटा बेटा भी है, जिसकी उम्र करीब एक से दो वर्ष बताई जा रही है। बेटे के सिर से पिता का साया उठ जाने के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
मृतक की मां अस्पताल परिसर में बार-बार यही कहकर विलाप करती रहीं कि इजहार ही पूरे परिवार का सहारा था। घटना से आसपास मौजूद लोग भी काफी मर्माहत दिखे।

इस संबंध में नवगछिया नगर परिषद सभापति के पति प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव ने बताया कि इजहार पिछले आठ वर्षों से शोरूम में काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि सुबह से बिजली में फ्लक्चुएशन हो रहा था। बाइक धोने के दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी।
वहीं नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि मृतक के हाथ पर करंट लगने का निशान पाया गया है। शरीर के अन्य हिस्सों पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















