


विद्यालय बंद रहने के दौरान अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम, प्राथमिकी दर्ज
नवगछिया थाना क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय मिल्की में चोरी की घटना सामने आई है। अपराधियों ने विद्यालय बंद रहने के दौरान कार्यालय भवन का ताला तोड़कर कई आवश्यक सामानों की चोरी कर ली। घटना के बाद विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुधांशु शेखर राजहंस ने नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

प्रधानाध्यापक द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि 10 मई शनिवार को विद्यालय बंद कर सभी शिक्षक एवं कर्मी अपने-अपने घर चले गए थे। इसके बाद 11 मई की सुबह जब विद्यालय खोला गया तो कार्यालय भवन का सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर विद्यालय से कई महत्वपूर्ण सामान चोरी कर ले गए हैं।
चोरी गए सामानों में स्टैंड पंखा, एम्पलीफायर, लगभग 100 थालियां, माइक्रोस्कोप तथा ग्लोब शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सचिव को सूचित किया गया।

विद्यालय परिसर में चोरी की घटना से शिक्षकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद नवगछिया थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।















