0
(0)



बंगाल से मादक पदार्थ लाने की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई, बाइक भी जब्त

कटिहार जिले के रोशना थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।


कटिहार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार को रोशना थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल की ओर से एक मोटरसाइकिल सवार अवैध मादक पदार्थ लेकर महानंदा चेक पोस्ट की तरफ आ रहा है।

सूचना मिलते ही रोशना थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ महानंदा चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान हनीफ शेख, पिता फिटू शेख, निवासी भगवानपुर, शेखपाड़ा, थाना वैष्णवनगर, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल के रूप में बताई।


पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर आरोपी के पास से करीब 200 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मादक पदार्थ की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।

रोशना थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी का नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा हुआ है और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: