


महिला ने युवक का कॉलर पकड़कर मांगा हक, भरण-पोषण को लेकर चल रहा मामला
भागलपुर व्यवहार न्यायालय परिसर गुरुवार को उस समय चर्चा का केंद्र बन गया, जब एक महिला ने सरेआम युवक का कॉलर पकड़कर हंगामा शुरू कर दिया। घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

जानकारी के अनुसार मदीना खातून नाम की महिला ने विकास साह पर प्रेम विवाह करने और वर्षों तक पति-पत्नी की तरह साथ रहने के बाद अब उसे तथा उसके दो बच्चों को अपनाने से इनकार करने का आरोप लगाया है।
महिला का कहना है कि दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते थे। वर्ष 2016 में उसकी शादी कहीं और हुई थी, लेकिन बाद में विकास साह उसे अपने साथ अलीगढ़ ले गया, जहां दोनों लंबे समय तक साथ रहे। महिला के अनुसार इस दौरान उनके दो बच्चे भी हुए।
मदीना खातून ने आरोप लगाया कि कई वर्षों तक साथ रहने के बाद अब विकास साह और उसके परिवार वाले उससे दो लाख रुपये तथा जमीन की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने पर उसे घर से निकाल दिया गया।
इसी मामले को लेकर महिला गुरुवार को व्यवहार न्यायालय पहुंची थी, जहां उसने विकास साह का कॉलर पकड़कर अपने अधिकार और न्याय की मांग की। घटना के दौरान कोर्ट परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा

वहीं विकास साह ने महिला के सभी आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि मदीना पहले से शादीशुदा है और उसे झूठे मामले में फंसाया जा रहा है।
फिलहाल महिला ने न्यायालय में भरण-पोषण से संबंधित मामला दर्ज कराया है। मामले की सुनवाई जारी है तथा अदालत में दोनों पक्षों की दलीलें सुनी जा रही हैं।















