


बोले — “सूचना प्रौद्योगिकी से जनशिकायत निवारण व्यवस्था होगी पूरी तरह पारदर्शी”
भागलपुर : सबौर प्रखंड अंतर्गत मामलखा उच्च विद्यालय परिसर में मंगलवार को जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सहयोग शिविर में बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग सह सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री एवं भागलपुर जिला प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा शामिल हुए। कार्यक्रम में भागलपुर सांसद अजय मंडल, नाथनगर विधायक मिथुन कुमार, जिला विकास क्रियान्वयन एवं निगरानी समिति के उपाध्यक्ष संतोष सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि जिला प्रभारी मंत्री जिले के अभिभावक की भूमिका निभाते हैं और सरकार, प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार जन शिकायतों के त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठा रही है।

मंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद बिहार में विकास की नई शुरुआत हुई और आज बेटियों के चेहरे पर दिख रहा आत्मविश्वास उसी बदलाव का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में राज्य में बड़े स्तर पर परिवर्तन हुआ है, जिसे जनता महसूस कर रही है।
उन्होंने बताया कि अब जन शिकायतों और आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया को पूरी तरह तकनीक आधारित बनाया जा रहा है। यदि किसी आवेदन का 10 दिनों के भीतर निष्पादन नहीं होता है तो संबंधित अधिकारी को ऑनलाइन चेतावनी जारी की जाएगी। 20 दिनों के बाद दूसरी चेतावनी, 25 दिनों के बाद अंतिम चेतावनी दी जाएगी तथा 30 दिनों तक आवेदन लंबित रहने पर 31वें दिन संबंधित पदाधिकारी स्वतः निलंबित माने जाएंगे।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि इससे अब किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित रखना संभव नहीं होगा और आम लोगों को समय पर न्याय एवं समाधान मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार जन शिकायतों के प्रति कितनी गंभीर है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्वयं मुख्यमंत्री भी सहयोग शिविरों में पहुंचकर आम जनता से संवाद कर रहे हैं।
सांसद अजय मंडल और विधायक मिथुन कुमार ने भी सहयोग शिविर को जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बताते हुए सरकार की पहल की सराहना की।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि सहयोग शिविर से संबंधित लिंक एनआईसी पोर्टल पर उपलब्ध है, जहां से आम नागरिक यह जानकारी प्राप्त कर सकते हैं कि किस पंचायत में किस तिथि को शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह के प्रथम और अंतिम मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिविर की निर्धारित तिथि से 15 दिन पूर्व प्रशासनिक अधिकारी संबंधित पंचायतों में पहुंचकर आवेदन प्राप्त करेंगे और उन्हें पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। जिन समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव होगा, उनका त्वरित निष्पादन किया जाएगा, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभाग या सरकार स्तर पर भेजा जाएगा।
कार्यक्रम के उपरांत प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने गोराडीह प्रखंड के तरछा दामूचक पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में भी भाग लिया।














