


75 यात्रियों और 13 बाइक के साथ फंसी नाव, SDRF ने सभी को सुरक्षित निकाला
भागलपुर : विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद गंगा पार आवागमन के लिए नावों पर बढ़ती निर्भरता के बीच मंगलवार को एक बार फिर बड़ा हादसा टल गया। महादेवपुर गंगा घाट से बरारी घाट की ओर जा रही यात्रियों से भरी दो बड़ी नावें बीच गंगा में तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गईं, जिससे नाव पर सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार नाव पर करीब 75 यात्री सवार थे, जबकि 13 मोटरसाइकिल भी लदी हुई थीं। बीच धारा में इंजन बंद होते ही नाव गंगा की तेज धारा में फंस गई और यात्रियों में दहशत फैल गई। नाव पर मौजूद महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भयभीत नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर किनारे तक पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों के भीतर यह तीसरी घटना है, जब बीच गंगा में नाव तकनीकी खराबी का शिकार हुई है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है।
गौरतलब है कि विक्रमशिला सेतु का स्लैब टूटने के बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच हजारों लोगों का आवागमन नावों के सहारे हो रहा है। ऐसे में नावों की तकनीकी जांच, सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।















