


202 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
कटिहार : नगर थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 202.25 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

जानकारी देते हुए पुलिस पदाधिकारी सद्दाम हुसैन ने बताया कि नगर थानाध्यक्ष को डहेरिया रेलवे फाटक के समीप अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही एक संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान 23 वर्षीय गोपाल कुमार के रूप में हुई।

विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से 202.25 ग्राम स्मैक तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार युवक का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्णिया जिले के मरंगा थाना में भी मामला दर्ज बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
















