


कटिहार समेत 20 स्टेशनों पर तेजी से चल रहा आधुनिकीकरण कार्य
कटिहार : कटिहार रेलमंडल के यात्रियों को आने वाले दिनों में आधुनिक और बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलने वाला है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कटिहार सहित 20 रेलवे स्टेशनों का चयन किया गया है, जहां विकास एवं आधुनिकीकरण का कार्य तेजी से जारी है। कई स्टेशनों पर निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

कटिहार रेलमंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) मनोज कुमार सिंह ने बताया कि चयनित सभी स्टेशनों को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। योजना के तहत यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता दी गई है।
स्टेशनों पर आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल सूचना प्रणाली, आकर्षक स्टेशन भवन, बेहतर प्लेटफॉर्म, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था तथा यात्रियों के लिए उन्नत बैठने की सुविधा विकसित की जा रही है। इसके अलावा दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप, आधुनिक शौचालय, सुगम प्रवेश मार्ग और बेहतर प्रतीक्षालय जैसी सुविधाएं भी तैयार की जा रही हैं।

रेल प्रशासन का कहना है कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे इस व्यापक विकास कार्य को लेकर यात्रियों में उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से न केवल यात्रा सुविधाएं बेहतर होंगी, बल्कि क्षेत्र के विकास और यातायात व्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
















