


अररिया : अररिया मंडल कारा में तैनात कक्षपाल राकेश कुमार यादव (55) का मंगलवार को इलाज के दौरान निधन हो गया। उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अररिया सदर अस्पताल ले जाया गया था, जहां से पूर्णिया रेफर किया गया।
कारा अधीक्षक सुजीत कुमार झा ने बताया कि मंगलवार सुबह राकेश कुमार यादव की तबीयत अचानक खराब हो गई। जेल के डॉक्टर द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन सुधार नहीं होने पर साथी कक्षपाल उन्हें करीब 11 बजे अररिया सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उन्होंने सीने में तेज दर्द की शिकायत की।

रेफरल के दौरान बिगड़ी तबीयत
प्रारंभिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। रेफरल प्रक्रिया के दौरान दोपहर करीब 2 बजे उनकी तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई और वे गिर पड़े।
उन्हें तुरंत वापस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोपहर 2:15 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मुंगेर के रहने वाले थे राकेश यादव
मृतक राकेश कुमार यादव मूल रूप से मुंगेर जिले के जमालपुर प्रखंड के निवासी थे। वे 2015 बैच के सिपाही और पूर्व सैनिक थे। घटना के बाद जेल प्रशासन और परिजनों में शोक का माहौल है।
















