0
(0)



सहयोग शिविर में विधायक मिथुन यादव का घेराव, कटाव-रोधी कार्य की धीमी रफ्तार पर नाराजगी

भागलपुर : सबौर प्रखंड के ममलखा पंचायत में गंगा कटाव की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आ गया। पंचायत में आयोजित “सहयोग शिविर” के दौरान कटाव से परेशान ग्रामीणों ने लोजपा विधायक मिथुन यादव का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब प्रदर्शनकारी विधायक की गाड़ी के आगे खड़े होकर नारेबाजी करने लगे।


ग्रामीणों का कहना था कि गंगा का जलस्तर बढ़ने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है और हर वर्ष की तरह इस बार भी कटाव का खतरा मंडरा रहा है, लेकिन कटाव-रोधी कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन दे रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर प्रभावी काम नहीं दिख रहा है।

ममलखा पंचायत के हाई स्कूल परिसर में आयोजित सहयोग शिविर में मंत्री, विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत औपचारिक संबोधन और फोटो सेशन के साथ हुई, जिसके बाद मंत्री और कई अधिकारी वहां से रवाना हो गए। इसके बाद ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर पहुंचकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपे। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया।


हालांकि सबसे अधिक नाराजगी गंगा कटाव की समस्या को लेकर देखने को मिली। ग्रामीण सुनील मंडल ने बताया कि कटाव लगातार गांवों की ओर बढ़ रहा है और खेत, घर तथा सड़कें खतरे में हैं। इसके बावजूद कटाव-रोधी कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है।

स्थानीय निवासी बिशु मंडल ने कहा कि गंगा अब आबादी के बेहद करीब पहुंच चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि महीनों से केवल कागजी प्रक्रिया चल रही है, जबकि बारिश और बाढ़ का मौसम नजदीक है, जिससे कटाव और तेज होने की आशंका बनी हुई है।


विरोध प्रदर्शन के बीच विधायक मिथुन यादव ने ग्रामीणों को शांत कराने की कोशिश की। उन्होंने माना कि कटाव-रोधी कार्य की रफ्तार धीमी है, जिससे लोगों में नाराजगी स्वाभाविक है। विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की चिंता पूरी तरह जायज है और वे तीन दिनों के भीतर स्वयं स्थल का निरीक्षण करेंगे।

उन्होंने कहा कि इस तरह की परिस्थितियों में लोगों का आक्रोश स्वाभाविक है, लेकिन सरकार और प्रशासन समस्या के समाधान के लिए गंभीर है तथा कटाव प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: