0
(0)



पूर्णिया को इंटरनेशनल स्टेडियम और स्मार्ट सिटी का दर्जा देने की उठाई मांग

पूर्णिया । पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने सीमांचल क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने की पहल करते हुए भारत सरकार की केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पूर्णिया में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम निर्माण और शहर को स्मार्ट सिटी परियोजना में शामिल करने की मांग प्रमुखता से उठाई।



भुवनेश्वर रवाना होने से पूर्व हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में सांसद पप्पू यादव ने सीमांचल क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं, आधारभूत संरचना की मजबूती और क्षेत्रीय संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पूर्णिया और सीमांचल क्षेत्र लंबे समय से विकास की असीम संभावनाओं के बावजूद अपेक्षित सुविधाओं से वंचित रहे हैं।

सांसद ने केंद्रीय वित्त मंत्री के समक्ष पूर्णिया में इंटरनेशनल स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि सीमांचल क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन आधुनिक संसाधनों और बेहतर खेल सुविधाओं के अभाव में यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि पूर्णिया में विश्वस्तरीय स्टेडियम का निर्माण होता है, तो इससे खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।



पप्पू यादव ने पूर्णिया को स्मार्ट सिटी परियोजना में शामिल करने की मांग करते हुए कहा कि पूर्णिया सीमांचल का तेजी से विकसित होता प्रमुख शैक्षणिक, व्यावसायिक और आर्थिक केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी का दर्जा मिलने से शहर में आधुनिक सड़क नेटवर्क, बेहतर जल निकासी व्यवस्था, डिजिटल सेवाएं, सार्वजनिक परिवहन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं का विस्तार संभव हो सकेगा। इससे निवेश के नए अवसर पैदा होंगे और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

सांसद ने रेल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को भी केंद्रीय वित्त मंत्री के समक्ष रखते हुए केंद्र सरकार से सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को संसद से लेकर केंद्र सरकार तक मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इंटरनेशनल स्टेडियम और स्मार्ट सिटी जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं पूर्णिया ही नहीं, बल्कि पूरे सीमांचल क्षेत्र की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इससे क्षेत्र विकास, निवेश और रोजगार के नए दौर में प्रवेश करेगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: