


भागलपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा नाथनगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर के प्रथम दिन पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संगठन, जनसेवा और विकसित भारत के संकल्प का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
शिविर को संबोधित करते हुए अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाएं गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक और जनसेवा से जुड़ी भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जनधन योजना, किसान कल्याण, सिंचाई, स्वास्थ्य एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं ने देश में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। जरूरत इस बात की है कि इन योजनाओं के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाई जाए और उनकी समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई जाए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संकल्प को साकार करने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय से बिहार में विकास कार्यों को नई गति मिली है।
भागलपुर के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए चौबे ने मरीन ड्राइव परियोजना और प्रस्तावित हवाई अड्डा निर्माण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं को कभी लोग केवल सपना मानते थे, वे अब धीरे-धीरे धरातल पर उतर रही हैं। इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिशन मोड में कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि राजनीति का मूल उद्देश्य जनसेवा है। जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर विकास और सेवा के संदेश को आगे बढ़ाएंगे।
शिविर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क अभियान और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
















