4
(2)

भागलपुर। भागलपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय कुमार मंडल ने बिहारीगंज–बिहपुर वाया चौसा–पचरासी नई रेल लाइन परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे कोसी और अंग क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

सांसद अजय मंडल ने कहा कि इस बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना के लिए उन्होंने पूर्व में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को प्रमुखता से उठाया था। अब प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना के क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जिससे लाखों लोगों की उम्मीदों को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बिहारीगंज से बिहपुर तक चौसा और पचरासी धाम होते हुए रेल संपर्क स्थापित होने से क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम और सुविधाजनक होगा। साथ ही कोसी और अंग क्षेत्र की सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

सांसद ने कहा कि प्रसिद्ध धार्मिक स्थल एवं लोकदेवता बाबा विशु राउत की तपोभूमि पचरासी धाम तक रेल पहुंचने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में भी वृद्धि होगी, जिसका सीधा लाभ क्षेत्र के लोगों को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि नई रेल लाइन के निर्माण से व्यापार, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह परियोजना लंबे समय से विकास की मुख्यधारा से दूर रहे क्षेत्रों को जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगी।

सांसद अजय कुमार मंडल ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास एवं लंबित रेल परियोजनाओं को गति देने के लिए उनके प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

उन्होंने कहा, “यह केवल एक रेल परियोजना नहीं, बल्कि कोसी-अंग क्षेत्र के विकास, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य का नया अध्याय है। आने वाले समय में इसका लाभ क्षेत्र की कई पीढ़ियों को मिलेगा।”

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 4 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: