


भागलपुर। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सबौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 200 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर सबौर थाना क्षेत्र में पहुंचने वाला है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था), सबौर थाना पुलिस एवं डीआईयू टीम के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबौर थाना क्षेत्र के पंचमुखी के समीप घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सशस्त्र बल की तत्परता से उसे खदेड़कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 200 ग्राम ब्राउन शुगर तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत तांती के रूप में हुई है, जो हबीबपुर थाना क्षेत्र के बाल्टी कारखाना इलाके का निवासी बताया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह पश्चिम बंगाल से मादक पदार्थ लाकर भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों में उसकी खरीद-बिक्री करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा उससे जुड़े अन्य नेटवर्क और तस्करों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा मादक पदार्थों की आपूर्ति कहां-कहां की जाती थी।
इस संबंध में सिटी एसपी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि भागलपुर पुलिस जिले को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी और नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए जिले में इस तरह के अभियान को और तेज करने की मांग की है।













