


बेलहर निवासी चालक की मौत से परिवार में पसरा मातम, फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
भागलपुर । बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलडीहा गांव निवासी ट्रक चालक नंदलाल साह की सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया है। हादसे के बाद कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उन्होंने भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नंदलाल साह पेशे से ट्रक चालक थे और 29 मई को गिट्टी लोड कर अपने वाहन के साथ जा रहे थे। इसी दौरान सरायकिला पेट्रोल पंप के समीप उन्होंने अपना ट्रक सड़क किनारे खड़ा किया था और वाहन में ही बैठे हुए थे। तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अन्य ट्रक ने उनके खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नंदलाल साह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को बेलहर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया।
मायागंज अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जैसे ही मौत की सूचना परिजनों को मिली, परिवार में मातम छा गया। घर में चीख-पुकार और रोने-बिलखने का माहौल बन गया। मृतक अपने परिवार के भरण-पोषण का मुख्य सहारा थे, जिससे परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस फरार ट्रक चालक और वाहन की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।














