


भिंडी तोड़ने गई महिला करंट की चपेट में आई, बचाने दौड़ा इकलौता बेटा भी गंवा बैठा जान
नवगछिया । नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र के मदरौनी गांव में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर के समीप खेत में भिंडी तोड़ने गई एक महिला और उसे बचाने पहुंचे उसके इकलौते पुत्र की हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
मृतकों की पहचान मदरौनी गांव निवासी बबिता देवी (46 वर्ष), पति मनोज सिंह तथा उनके इकलौते पुत्र सुंदरम कुमार (23 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बबिता देवी बुधवार सुबह अपने पुत्र सुंदरम कुमार के साथ घर के पीछे स्थित खेत में भिंडी तोड़ने गई थीं। खेत के ऊपर से गुजर रहा 440 वोल्ट का नंगा बिजली तार बांस के अस्थायी खंभे के सहारे काफी नीचे लटका हुआ था। बताया जाता है कि खेत में काम करने के दौरान बबिता देवी अनजाने में उस हाई वोल्टेज तार के संपर्क में आ गईं और तेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसने लगीं।
मां को तड़पता देख पास में मौजूद पुत्र सुंदरम कुमार उसे बचाने के लिए दौड़ पड़ा। लेकिन जैसे ही उसने मां को छुड़ाने की कोशिश की, वह स्वयं भी करंट की चपेट में आ गया। देखते ही देखते मां और बेटा दोनों खेत में ही गिर पड़े। जब तक आसपास के लोग पहुंचते, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। मृतका बबिता देवी की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। बताया जाता है कि सुंदरम कुमार परिवार का इकलौता बेटा था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह एक भाई और एक बहन में छोटा था। पिता मनोज सिंह खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की अचानक मौत से घर में मातम छा गया है। मृतक की बहन, पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने बताया कि सुंदरम पढ़ाई में काफी मेधावी था और भविष्य को लेकर बड़े सपने देख रहा था। उसकी असमय मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर बिजली के तार नीचे लटके हुए हैं, जिससे लगातार हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
इधर रंगरा थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार ने बताया कि करंट लगने से मां-बेटे की मौत हुई है। परिजनों एवं गांव के प्रबुद्ध लोगों के आग्रह पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे मदरौनी गांव को शोक में डुबो दिया है।













