


जानकारी के अनुसार पुलिस एक मामले के आरोपी की तलाश में अंबा बाग मोहल्ले में छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई। घटना के दौरान पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त किए जाने की भी सूचना सामने आई है।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि पुलिस बिना महिला पुलिसकर्मियों के घर में प्रवेश कर गई और घर की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार एवं मारपीट की गई। महिलाओं का कहना है कि कार्रवाई के दौरान कई लोग घायल हुए, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं।
घटना के बाद देर रात कई महिलाओं को उपचार के लिए सदर अस्पताल लाया गया। अस्पताल परिसर में भी कुछ समय तक हंगामे की स्थिति बनी रही। पीड़ित पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा पुलिस कार्य में बाधा पहुंचाई गई और सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाया गया।
मामले को लेकर सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर निष्पक्ष और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस और स्थानीय लोगों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच मामले की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।















