


नवगछिया । परम् पूज्य गुरुदेव स्वामी आगमानंद जी महाराज के आशीर्वाद एवं नवगछिया संरक्षक हनुमानजी महाराज की कृपा से संचालित सेवा श्री नवगछिया द्वारा प्रत्येक शनिवार की भांति इस शनिवार भी महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर हजारों श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद लोगों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
महाप्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं को चावल एवं झोरबड़ी (कढ़ी) वितरित की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सेवा श्री नवगछिया के सदस्य पूरे दिन समर्पण भाव से सेवा कार्य में जुटे रहे। बड़ी संख्या में लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सराहना की।
इस अवसर पर नवगछिया की श्री श्री 108 श्री महाशिवरात्रि कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उपस्थित अतिथियों ने सेवा श्री के सदस्यों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए मंगलाचरण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सेवा श्री परिवार की ओर से सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं महाप्रसाद देकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में महाशिवरात्रि कमेटी के अध्यक्ष प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने सेवा श्री द्वारा किए जा रहे नियमित सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में आपसी भाईचारा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।

आयोजकों ने बताया कि सेवा श्री नवगछिया का उद्देश्य जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाना और धार्मिक-सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। संस्था द्वारा आगे भी नियमित रूप से महाप्रसाद वितरण एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
















