


भागलपुर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर खेल विभाग, बिहार सरकार एवं स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के निर्देश पर रविवार को बरारी में “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को साइकिल उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा फिट एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था।
s
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार एवं बिहार बाल भवन के समन्वयक शाहिल राज ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना कर किया। रैली में करीब 80 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नियमित रूप से साइकिल उपयोग करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने कहा कि साइकिल संस्कृति को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। साइकिल चलाने से शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है, स्वास्थ्य अच्छा रहता है और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। इससे प्रदूषण कम होता है तथा ईंधन की बचत होती है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सप्ताह में कम-से-कम दो दिन साइकिल का उपयोग अवश्य करें, ताकि स्वस्थ जीवनशैली के साथ स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त वातावरण का निर्माण किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों ने फिट इंडिया अभियान को सफल बनाने तथा दैनिक जीवन में साइकिल को अपनाने का संकल्प भी लिया।
















