


भागलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान टीएनबी कॉलेजिएट के समीप रहने वाले राजीव पासवान के पुत्र अस्मित कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर नया बाजार चौक को जाम कर दिया।
बताया जाता है कि अस्मित कुमार किसी सामान की खरीदारी के लिए घर से निकला था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार सीएनजी ऑटो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने ऑटो चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेते हुए ऑटो को जब्त कर लिया।
बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने नया बाजार चौक पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। जाम के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद स्थिति सामान्य हुई और यातायात बहाल कराया गया।

पुलिस ने बताया कि ऑटो चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। वहीं परिजनों का कहना है कि प्रशासन पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए और दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे।
















