5
(1)

नशा मुक्त गांव बनाने को लेकर हुई बैठक

नवगछिया। परबत्ता थाना क्षेत्र के गरैया गांव में नशा मुक्ति अभियान को लेकर रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने गांव को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया तथा नशा कारोबारियों और नशा सेवन करने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई।

 

बैठक की अध्यक्षता पंचायत समिति प्रतिनिधि बबलू शर्मा ने की। इस दौरान गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक में युवाओं को नशे की लत से बचाने, समाज में बढ़ रहे नशे के दुष्प्रभावों और इसके खिलाफ सामूहिक अभियान चलाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

 

परबत्ता थाना प्रभारी अश्विनी कुमार ने नशा कारोबारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त हैं, वे तत्काल इस धंधे को छोड़कर वैकल्पिक रोजगार अपनाएं। अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशा समाज और युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहा है, इसलिए इसके खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

 

बैठक में नशा सेवन करने वाले लोगों को भी चेताया गया तथा ग्रामीणों से अपील की गई कि वे नशा विरोधी अभियान में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही गांव में कहीं भी नशे के कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की बात कही गई।

ग्रामीणों ने भी गांव को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि समाज की भागीदारी के बिना नशे के खिलाफ लड़ाई सफल नहीं हो सकती।

 

पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त पहल को गांव में नशा मुक्ति अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस अभियान से युवाओं को नशे से दूर रखने और सामाजिक वातावरण को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

 

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: