


भागलपुर। विक्रमशिला सेतु पर लगातार लग रहे जाम और बढ़ती यातायात समस्याओं को देखते हुए जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल ने सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) एवं जिलाधिकारी भागलपुर को आवेदन सौंपकर पुल पर वन-वे व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि विक्रमशिला पुल पर बने बेली ब्रिज की चौड़ाई कम होने के कारण वर्तमान में केवल एक तरफ से वाहनों का परिचालन किया जा रहा है। इसके बावजूद पुल पर बाइक और चारपहिया वाहनों की अधिक आवाजाही तथा ओवरटेकिंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।

जिला परिषद अध्यक्ष ने सुझाव दिया है कि पुल के दोनों छोर पर बैरिकेडिंग कर यातायात को नियंत्रित किया जाए और वाहनों की संख्या के अनुसार 10 से 20 मिनट के अंतराल पर एकतरफा परिचालन सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना है कि इससे जाम की समस्या में काफी हद तक कमी आएगी और लोगों को राहत मिलेगी।
उन्होंने प्रशासन से पुल के दोनों ओर दंडाधिकारी एवं यातायात कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने की भी मांग की है। साथ ही वॉकी-टॉकी या दूरभाष के माध्यम से समन्वय स्थापित कर यातायात संचालन की व्यवस्था करने का सुझाव दिया है।

विपिन कुमार मंडल ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच घंटों जाम में फंसे रहने से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रभावी यातायात प्रबंधन से विक्रमशिला पुल पर आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाया जा सकता है।
















