


एक की तलाश जारी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कटिहार। जिले के वृहद आश्रय गृह से पांच नाबालिगों के फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि 7 जून की देर रात सभी नाबालिग सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर आश्रय गृह से निकल गए। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूचना के बाद पुलिस एवं बाल गृह प्रशासन की संयुक्त टीम ने खोज अभियान चलाया। लगातार तलाश के दौरान फरार पांच नाबालिगों में से चार को सोमवार सुबह सहायक थाना क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बरामद सभी नाबालिगों को पुनः आश्रय गृह पहुंचा दिया गया है।
वहीं, एक नाबालिग अब भी लापता है। उसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है तथा आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने दावा किया है कि फरार नाबालिग को जल्द बरामद कर लिया जाएगा।
घटना के बाद आश्रय गृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। मामले की जांच की जा रही है।
















