5
(1)

पुलिया मरम्मत कार्य पर उठे सवाल, जिला परिषद सदस्या ने विपक्ष पर लगाया बदनाम करने का आरोप

नवगछिया। खैरपुर कदवा पंचायत अंतर्गत नंदग्राम स्थित पुलिया के मरम्मत कार्य को लेकर ग्रामीणों द्वारा गुणवत्ता पर सवाल उठाए जाने के बीच एक कथित ऑडियो वायरल होने से मामला और गरमा गया है। वायरल ऑडियो में जिला परिषद सदस्या नंदनी सरकार के पति प्राणी राज के होने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में कथित रूप से कमीशनखोरी से संबंधित बातचीत सुनाई देने का दावा किया जा रहा है।

इधर, नंदग्राम में चल रहे पुलिया मरम्मत कार्य को लेकर ग्रामीणों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए वरीय अधिकारियों से जांच की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि मरम्मत कार्य में घटिया सामग्री एवं निम्न गुणवत्ता की ईंटों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे पुलिया की मजबूती प्रभावित हो सकती है। उन्होंने निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच कराने तथा मानक अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने की मांग की है।

वहीं, वायरल ऑडियो और लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला परिषद सदस्या नंदनी सरकार ने कहा कि वायरल ऑडियो पूरी तरह फर्जी है तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से तैयार किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी चुनाव को देखते हुए राजनीतिक विरोधियों द्वारा उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से इस तरह की भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है।

नंदनी सरकार ने कहा कि उनका निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता पर हमेशा जोर रहा है तथा यदि किसी को किसी कार्य को लेकर शिकायत है तो सक्षम अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि जांच में सत्य सामने आ जाएगा।

फिलहाल पुलिया मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और वायरल ऑडियो दोनों को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं ग्रामीणों ने जनहित में निष्पक्ष जांच और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने की मांग दोहराई है।

(नोट : वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि जीएस न्यूज़ द्वारा नहीं की गई है।)

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: