5
(2)

 

पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन इन दिनों अपने लोकसभा क्षेत्र में लगातार मैराथन जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। क्षेत्र भ्रमण के दौरान वे न केवल आम लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं, बल्कि दुर्घटना, हत्या, डूबने और असामयिक मौत जैसी दुखद घटनाओं से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर सहायता और संवेदना का हाथ भी बढ़ा रहे हैं। बड़हरा कोठी प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में पहुंचकर सांसद ने कई पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और आर्थिक सहयोग प्रदान कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया।

ठाड़ी पंचायत के हरिराही महादेव टोला निवासी स्वर्गीय सदानंद मुर्मू उर्फ राजेश मुर्मू तथा औराही पंचायत के गुलेला भिट्ठा गांव निवासी मौसम कुमार की सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मौत पर सांसद ने उनके परिजनों से मिलकर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। वहीं रघुवंशनगर गांव में मो. तस्लीम की पुत्री अफसरी खातून की तमिलनाडु में हुई निर्मम हत्या को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

इसी क्रम में ठाड़ी पंचायत के हरिराही महादेव टोला निवासी स्वर्गीय मटका टुडू की तालाब में डूबने से हुई मौत पर सांसद ने परिजनों को सांत्वना देते हुए 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।

वासुदेवपुर पंचायत के हरिराही चौक निवासी विजय शर्मा के पुत्र गुड्डू शर्मा को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल किए जाने की घटना पर भी सांसद उनके घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली। उन्होंने घायल युवक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की तथा प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।

लतराहा पंचायत के जामुन टोला निवासी दीपक हेंब्रम की चेन्नई में ब्रेन हेमरेज से हुई मौत पर सांसद ने शोक व्यक्त करते हुए परिवार को 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी। साथ ही संबंधित कंपनी प्रबंधन से बातचीत कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का आग्रह भी किया।

ओरलाहा पंचायत के जयनगरा पंचवटी गांव निवासी मनोज मंडल की निर्मम हत्या के मामले में भी सांसद पप्पू यादव पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे। उन्होंने घायल विनोद मंडल के स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए परिवार को 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

इस दौरान सांसद पप्पू यादव ने कहा कि किसी भी परिवार का दुःख केवल उसका निजी दुःख नहीं होता, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि न्याय दिलाने और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए उनका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

क्षेत्र में लगातार पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर सहायता और संवेदना का हाथ बढ़ाने को लेकर लोगों ने सांसद के इस मानवीय प्रयास की सराहना की। मौके पर सांसद प्रतिनिधि कौशल यादव, सांसद प्रवक्ता राजेश यादव, मुखिया रंजन यादव, कंतलाल ऋषिदेव, पूर्व मुखिया नरेश मंडल, पूर्व मुखिया ललटू यादव, मो. सोयब, लड्डू यादव, मो. साबिर आलम, लवकुश यादव, करण यादव, पंकज यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: