


देश की उन्नति और प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन के लिए महावीर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना
सहरसा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को सहरसा के महावीर चौक स्थित महावीर मंदिर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से विशेष पूजा-अर्चना एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने देश की उन्नति, समृद्धि तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने की, जबकि पूर्व मंत्री डॉ. आलोक रंजन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भगवान हनुमान की आराधना कर राष्ट्र की खुशहाली, सामाजिक समरसता और भारत के निरंतर विकास के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. आलोक रंजन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के विकास, सुशासन, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के दृष्टिकोण से ऐतिहासिक रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अवधि में देश ने अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं और गरीब, किसान, युवा तथा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई प्रभावी योजनाएं लागू की गई हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। आज दुनिया भारत को नई उम्मीद और नई शक्ति के रूप में देख रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
डॉ. आलोक रंजन ने कहा कि केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। गरीब कल्याण, बुनियादी ढांचे के विकास, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव देशभर में दिखाई दे रहा है।
सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री शिव भूषण सिंह, भैरवानंद झा, जिला उपाध्यक्ष मनोज यादव, राजीव रंजन साह सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र एवं समाज की उन्नति के लिए मंगलकामना के साथ हुआ।
















