


सहरसा के 1.99 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में पहुंची मई माह की पेंशन राशि, 42,881 का जीवन प्रमाणीकरण अब भी लंबित
सहरसा। मुख्यमंत्री द्वारा बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में मई 2026 माह की पेंशन राशि सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन सभागार में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पेंशनधारी लाभार्थी शामिल हुए।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपेश कुमार, अपर समाहर्ता, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस), सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सहित जिले के 100 से अधिक पेंशनधारी उपस्थित रहे। इस दौरान लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित जानकारी भी दी गई।
जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बताया कि जिन लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण 31 मई 2026 तक पूरा हो चुका था, उन्हें मई माह की पेंशन राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह व्यवस्था पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ लाभार्थियों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में प्रभावी साबित हो रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि जिले में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 52,480, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,08,272, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 8,938, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 13,369, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्तता पेंशन योजना के 1,293 तथा बिहार नि:शक्तता पेंशन योजना के 13,859 लाभार्थियों को पेंशन राशि का भुगतान किया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं वृद्धजनों, विधवाओं एवं दिव्यांगजनों के लिए आर्थिक सहारा प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण योजनाएं हैं। इन योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को सम्मानजनक जीवन जीने में सहायता मिल रही है।
उन्होंने बताया कि सहरसा जिले में कुल 2,43,967 पेंशनधारी हैं। इनमें से 1,99,258 लाभार्थियों ने 30 मई 2026 तक जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली है, जबकि 42,881 लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण अब भी लंबित है।

जिलाधिकारी ने सभी लंबित लाभार्थियों से अपील की कि वे जल्द से जल्द अपना जीवन प्रमाणीकरण पूरा कर लें, ताकि उनकी पेंशन राशि का भुगतान नियमित रूप से बिना किसी बाधा के उनके खाते में होता रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर पेंशन राशि मिलने से उन्हें दैनिक जरूरतों को पूरा करने में काफी सहूलियत होती है।
















