


पूर्णिया । पूर्णिया ईस्ट प्रखंड अंतर्गत डिमिया छत्तरजान पंचायत के दीवानगंज पंचायत भवन में आयोजित सरकारी सहयोग शिविर का शनिवार को विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली।
विधायक विजय खेमका ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा आयोजित सरकारी सहयोग शिविर आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
निरीक्षण के बाद विधायक रानीपतरा स्थित गांधी स्मारक चबूतरा पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा राष्ट्रीय दायित्व है और हर नागरिक को इसके प्रति सजग रहना चाहिए।
इसके बाद बियारपुर पंचायत के महादलित टोला में आयोजित जनसंवाद गोष्ठी में विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्राथमिकता है।
लालगंज किसान टोला में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में विधायक ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के क्रम में विधायक हरदा पंचायत स्थित मखाना हब पहुंचे, जहां उन्होंने मखाना पैकेजिंग प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” एवं “लोकल टू ग्लोबल” अभियान का उल्लेख करते हुए स्थानीय उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग और उनके वैश्विक प्रचार-प्रसार पर बल दिया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष पानो देवी, भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह, अभिमन्यु मेहता, शशिभूषण चौधरी, विमल मंडल, पूर्व मुखिया प्रदीप साह, राम सिंह, नूतन देवी, सत्यभामा दास, पवन चौहान, ब्रह्मानंद मंडल, नरेश यादव, सुकेश पाल, मायारानी दास, अचित मेहता, गनेशी साह, अमरेश यादव, सदानंद पासवान, मनीष भारती सहित भाजपा के बूथ अध्यक्ष, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
















