


पूर्णिया । जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने शनिवार को जिला अतिथि गृह का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अतिथि गृह की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने मौके पर उपस्थित वरीय कोषागार पदाधिकारी-सह-प्रभारी पदाधिकारी जिला नजारत को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि जिला अतिथि गृह में आने वाले आगंतुकों एवं अधिकारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अतिथि गृह परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा समुचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
डीएम ने गार्ड रूम का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अतिथि गृह की सभी व्यवस्थाओं की समय-समय पर निगरानी की जाए ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी परिसरों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है तथा इसके लिए नियमित निरीक्षण और अनुश्रवण की प्रक्रिया जारी रहेगी।
















