


भागलपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-19 स्थित टी.एन.बी. कॉलेजिएट इंटर स्कूल परिसर में केंद्र प्रायोजित अटल नवीकरण एवं शहरी परिवर्तन मिशन (AMRUT-2.0) के अंतर्गत 2 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक पार्क निर्माण कार्य का सोमवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा तथा पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने बिहार में शहरी विकास को नई गति देने तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार का लक्ष्य शहरों में हरित क्षेत्र का विस्तार, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक सुविधाओं का विकास सुनिश्चित करना है। अमृत 2.0 योजना के तहत राज्य के विभिन्न शहरों में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।
नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि भागलपुर अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक पहचान के लिए पूरे देश में जाना जाता है। ऐसे में शहर को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं संवेदक को निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना उनके कार्यकाल में शिलान्यास होने वाला पहला पार्क है, इसलिए इसका निर्माण निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इसके लोकार्पण के लिए पुनः भागलपुर आना चाहते हैं।
पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने कहा कि राज्य सरकार शहरों में बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। पार्क निर्माण से बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को मनोरंजन एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही शहर के सौंदर्यीकरण में भी यह पार्क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भागलपुर नगर निगम की महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने कहा कि यह पार्क शहरवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है। इससे स्थानीय लोगों को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा। वहीं भागलपुर विधायक रोहित पांडेय ने कहा कि भागलपुर को विकास के नए आयाम देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
वार्ड संख्या-19 की पार्षद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की मांग थी कि यहां एक आधुनिक पार्क विकसित किया जाए। सरकार द्वारा इस मांग को पूरा किए जाने से स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह, नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने पार्क निर्माण परियोजना का स्वागत करते हुए इसे भागलपुर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
















