5
(1)

कटिहार। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सह कटिहार के स्थानीय विधायक तारकिशोर प्रसाद ने मंगलवार को कटिहार प्रखंड अंतर्गत दलन पूरब पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, सिरसा परिसर में आयोजित सहयोग एवं जनकल्याण शिविर का शुभारंभ किया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचल पदाधिकारी (सीओ) ने पूर्व उप मुख्यमंत्री तथा अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद तारकिशोर प्रसाद ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के प्रखंड एवं पंचायत स्तर के अधिकारियों और कर्मियों से भी बातचीत की तथा ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपनी समस्याएं रखते हुए वासगीत पर्चा, प्रधानमंत्री आवास योजना, नामांतरण, भूमि परिमार्जन एवं जॉब कार्ड से संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

इस अवसर पर श्री प्रसाद ने लाभार्थियों के बीच जॉब कार्ड, वंशावली प्रमाण पत्र, जीविका समूहों से संबंधित स्वीकृति पत्र, जन्म प्रमाण पत्र एवं मृत्यु प्रमाण पत्र का वितरण किया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी नागरिक सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।

ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए पूर्व उप मुख्यमंत्री ने दलन पूरब पंचायत में लंबे समय से लंबित श्मशान घाट की भूमि की समस्या का भी संज्ञान लिया। उन्होंने अंचल पदाधिकारी को शीघ्र उपयुक्त भूमि चिन्हित कर इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

अपने संबोधन में तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए तथा किसी भी व्यक्ति को उसके अधिकार से वंचित नहीं रहने दिया जाए।

कार्यक्रम में जदयू जिला अध्यक्ष सूरज प्रकाश राय, निरंजन पोद्दार, भाजपा नेता धर्मनाथ तिवारी, अमित कुमार गुप्ता, बब्बन झा, पंचायत के मुखिया नईमुल हक, सरपंच दिनेश मोहन ठाकुर, मन्नू राम सहित एनडीए के कई नेता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: