


खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जिला एथलेटिक संघ ने किया अभिनंदन
भागलपुर : 92वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले 27 पदक विजेता खिलाड़ियों का जिला एथलेटिक संघ की ओर से भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया गया। समारोह में खिलाड़ियों को माला पहनाकर, स्मृति चिह्न (मोमेंटो) प्रदान कर तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक डॉ. ए. के. गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है और आने वाले वर्षों में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।

जिला एथलेटिक संघ की अध्यक्ष नीलम अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर कुल 27 पदक हासिल किए हैं। इनमें 12 स्वर्ण, 7 रजत और 8 कांस्य पदक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह जिले के एथलेटिक्स इतिहास की बड़ी उपलब्धियों में से एक है।
उन्होंने विशेष खुशी जताते हुए कहा कि इस सफलता में बेटियों की भूमिका सबसे अधिक रही। कुल 27 पदकों में से 21 पदक बालिकाओं ने जीते, जबकि बालकों ने 6 पदक अपने नाम किए। यह उपलब्धि जिले में महिला खिलाड़ियों की बढ़ती प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है।
समारोह में खिलाड़ियों के साथ टीम के कोच एवं मैनेजर को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष ने जिले में एथलेटिक्स के लिए एकलव्य केंद्र खोले जाने पर राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशिक्षित सरकारी कोचों की नियुक्ति से खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे आने वाले वर्षों में पदकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों के चेहरे पर सफलता की खुशी साफ दिखाई दे रही थी। उपस्थित खेल प्रेमियों और अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। खिलाड़ियों के माता-पिता ने भी इस सम्मान को उनके कठिन परिश्रम का परिणाम बताते हुए जिला एथलेटिक संघ का आभार व्यक्त किया।
समारोह में फुटबॉल के वरिष्ठ खिलाड़ी हिफाजत अली, सेवानिवृत्त डीएसपी विनोद आनंद झा, समाजसेविका हिना सईद, डीएसए अध्यक्ष गौतम वर्मा, संघ के उपाध्यक्ष आलोक लोहिया, सह सचिव राखी सिंह, प्रियंका कुमारी, रवि रंजन, प्रदीप मित्रका, प्रशिक्षक अजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन संघ के सचिव एम. एच. रहमान ने किया।
















