


पूर्णिया। सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित प्रज्ञान सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी ने आमजनों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
‘‘सबका सम्मान-जीवन आसान (ईज ऑफ लिविंग)’’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस जनसंवाद में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं। कार्यक्रम के दौरान कुल 47 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका अवलोकन करने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा कार्यक्रम के तहत अनुमंडल, प्रखंड एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित होकर आम लोगों की शिकायतें सुनीं तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए।

जिला प्रशासन ने बताया कि सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के अंतर्गत यह कार्यक्रम प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को जिला मुख्यालय, अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर नियमित रूप से आयोजित किया जाता है, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिला प्रशासन ने किसी भी प्रकार की सहायता अथवा सूचना के लिए आपदा प्रबंधन कार्यालय के जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06454-242319, 06454-242317 एवं 06454-242320 पर संपर्क करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
















