


पूर्णिया। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा, पूर्णिया द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026 के अंतर्गत “डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म एवं जिला कार्यसमिति बैठक” का आयोजन रविवार को भाजपा कार्यालय, बनभाग, पूर्णिया में किया गया। बैठक में संगठन को मजबूत करने, डिजिटल प्रशिक्षण को बढ़ावा देने तथा बूथ स्तर तक संगठन विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मो. अजहर आलम ने की। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण, डिजिटल प्रशिक्षण, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष जोली जी, जिला महामंत्री मो. जहीरुद्दीन, सरफराज आलम, कारी शमशाद अहमद, सफर आलम, जफर अली बैठा तथा जिला प्रवक्ता शहनवाज हुसैन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, कार्यसमिति सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मो. अजहर आलम ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में प्रशिक्षित एवं तकनीकी रूप से सक्षम कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार तथा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार सरकार अल्पसंख्यक समाज के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है।
जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही उन्होंने बैठक को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में संगठनात्मक एकजुटता, डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षण और जनसंपर्क अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।
















