


पूर्णिया विश्वविद्यालय में स्नातक पार्ट-वन स्पेशल परीक्षा की तिथि अब तक घोषित नहीं होने से छात्रों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर छात्र राजद (SSAI) ने विश्वविद्यालय प्रशासन को शुक्रवार तक का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय तक परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं किया गया, तो शनिवार को परीक्षा विभाग में तालाबंदी की जाएगी।
छात्र राजद (SSAI) के विश्वविद्यालय अध्यक्ष पीयूष पुजारा ने बयान जारी कर विश्वविद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की उदासीनता के कारण हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है। लंबे समय से विद्यार्थी स्पेशल परीक्षा की तिथि घोषित होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है, जिससे छात्रों में असमंजस और चिंता का माहौल है।

पीयूष पुजारा ने कहा कि यह केवल परीक्षा तिथि का मामला नहीं, बल्कि हजारों विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। परीक्षा में हो रही देरी से छात्रों की आगे की पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और करियर की योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। इसके बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शुक्रवार तक स्नातक पार्ट-वन स्पेशल परीक्षा की तिथि घोषित नहीं की गई, तो शनिवार को छात्र राजद (SSAI) परीक्षा विभाग में तालाबंदी करेगा। इसके बाद चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसमें धरना-प्रदर्शन, घेराव और व्यापक छात्र आंदोलन शामिल होगा।
उन्होंने कहा कि छात्र संगठन हमेशा शांतिपूर्ण तरीके से छात्रों की समस्याओं को उठाता रहा है, लेकिन लगातार अनदेखी किए जाने के कारण आंदोलन करने की नौबत आ गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आंदोलन होता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
छात्र राजद (SSAI) ने विश्वविद्यालय प्रशासन से अविलंब स्पेशल परीक्षा की तिथि घोषित करने की मांग की है, ताकि छात्रों को राहत मिल सके और वे अपने शैक्षणिक भविष्य की योजनाओं को आगे बढ़ा सकें। संगठन ने सभी छात्र-छात्राओं से एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई में साथ देने की भी अपील की है।
















