


पूर्णिया। बिहार सरकार के “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत सोमवार को पूर्णिया जिले के धमादाहा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-03 स्थित हथिया दियारा में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने पहुंचकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
शिविर के दौरान मंत्री लेशी सिंह ने स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं विकास संबंधी सुझावों को गंभीरता से सुना। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी बुनियादी सुविधाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन मंत्री को सौंपे।

जनसमस्याओं की सुनवाई के बाद मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता से प्राप्त सभी आवेदनों का पारदर्शी, प्रभावी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मीडिया से बातचीत में मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक नागरिक की समस्या का जवाबदेही के साथ समय पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के सहयोग शिविरों के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और सरकार तथा जनता के बीच संवाद और अधिक मजबूत होगा।
















