


नवगछिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर नवगछिया नगर इकाई द्वारा ध्वजारोहण एवं संकल्प समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर अध्यक्ष ओम सिंह एवं नगर मंत्री शुभम कुमार ने ध्वजारोहण कर की। इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एबीवीपी बिहार प्रदेश के राष्ट्रीय कला मंच संयोजक विश्वास वैभव ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की स्थापना 9 जुलाई 1949 को हुई थी। तब से संगठन छात्र शक्ति के माध्यम से राष्ट्र निर्माण और व्यक्तित्व निर्माण के कार्य में निरंतर जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि परिषद ‘ज्ञान, शील और एकता’ के मूल मंत्र पर कार्य करते हुए देशभर के शिक्षण संस्थानों से लेकर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद के शताब्दी वर्ष तक सभी युवा अपने-अपने क्षेत्र में राष्ट्रहित में योगदान देकर भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने का संकल्प लें।
नगर अध्यक्ष ओम सिंह ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्रों और युवाओं की आवाज बनकर उनके हितों के लिए कार्य करती है। उन्होंने कहा कि “छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है” और देश के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
नगर मंत्री शुभम कुमार ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संगठन के वर्तमान एवं पूर्व कार्यकर्ताओं तथा शिक्षक कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की और सभी से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कला मंच के प्रदेश संयोजक विश्वास वैभव, नगर अध्यक्ष ओम सिंह, नगर मंत्री शुभम कुमार, जीबी कॉलेज मंत्री अंश राज, जीबी कॉलेज उपाध्यक्ष शुभम कुमार, छोटू, अक्षय, सुजीती, मुस्कान, ईशा, आदिति, कनिष्का, काजल, रजनी सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















