


बिहार वित्त सेवा के लिए चयनित पूर्व छात्र रवि भारद्वाज सहित कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
भागलपुर। टेक्नो मिशन इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को मेधावी एवं सफल छात्र-छात्राओं के सम्मान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वर्तमान एवं पूर्ववर्ती विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न और उपहार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में विद्यालय के पूर्व छात्र रवि भारद्वाज को बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर बिहार वित्त सेवा के लिए चयनित होने पर विद्यालय के निदेशक इं. अंशु सिंह ने स्मृति चिह्न एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया। एक साधारण किसान परिवार से आने वाले रवि भारद्वाज ने अपनी सफलता का श्रेय टेक्नो मिशन में मिले शैक्षणिक मार्गदर्शन और संस्कारों को दिया। उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहकर मिली शिक्षा और अनुशासन ने उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसका लाभ उन्हें आज भी मिल रहा है।
विद्यालय के छात्र सौर्यन चौधरी को आईआईटी-जेईई एडवांस्ड 2026 में सफलता प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। सौर्यन ने इसी वर्ष टेक्नो मिशन से नियमित छात्र के रूप में इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। उनके पिता भागलपुर में जन वितरण प्रणाली की एक छोटी दुकान संचालित करते हैं।
इस अवसर पर छात्र अंकित सिंह को जेईई मेन में 95 प्रतिशताइल प्राप्त करने तथा भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में कंप्यूटर साइंस शाखा में नामांकन लेने पर सम्मानित किया गया। अंकित अत्यंत साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं तथा उनके पिता का निधन एक दुर्घटना में हो चुका है।
विद्यालय के छात्र अथर्व शौर्य को जेईई मेन 2026 में सफलता प्राप्त कर भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) में चयनित होने पर सम्मानित किया गया। वहीं सीबीएसई दसवीं बोर्ड परीक्षा 2026 में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्राएं रिया कुमारी एवं साक्षी को भी सम्मानित किया गया। दोनों छात्राएं वर्तमान में विद्यालय में कक्षा 11 की पढ़ाई कर रही हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक इं. अंशु सिंह ने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा अन्य छात्रों से भी उनसे प्रेरणा लेकर मेहनत करने का आह्वान किया।
समारोह में विद्यालय की निर्देशिका इला सिंह, डॉ. संजीव कुमार सिंह, संजय कुमार झा सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
















