


एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पूर्णिया। कसबा थाना पुलिस ने बंधुआ मजदूर अधिनियम एवं जानलेवा हमले से जुड़े एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 (एसडीपीओ-2) डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, कसबा थाना क्षेत्र के जियनगंज वार्ड संख्या-5 निवासी मुस्ताक (60 वर्ष), पिता स्व. अब्दुल अजीज के फर्दबयान पर कसबा थाना कांड संख्या 236/26 दर्ज किया गया था। यह मामला 3 जून 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा बंधुआ मजदूर अधिनियम की धाराओं 4, 16 एवं 20 के तहत दर्ज हुआ था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया, जिसकी कमान एसडीपीओ-2 डॉ. गौरव कुमार को सौंपी गई। टीम ने तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शनिवार रात जियनगंज में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मो. गुडलक (25 वर्ष), पिता मो. मुन्ना, निवासी जियनगंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
इस अभियान में कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन, पुलिस अवर निरीक्षक प्रिंस कुमार, रामाकांत प्रसाद, प्रीति भारती, सुहावन सिंह तथा कसबा थाना के सशस्त्र पुलिस बल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।
















