


भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान अशोक कुमार दास के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने उनके दामाद पर घर बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

परिजनों के अनुसार, अशोक कुमार दास ने लगभग 15 वर्ष पूर्व अपनी पुत्री आशा का विवाह लालूचक चंपानगर निवासी रविंद्र तांती से कराया था। दंपति के चार बच्चे हैं। मृतक की पत्नी पुतुल देवी का आरोप है कि विवाह के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि दामाद पांच लाख रुपये नकद तथा मकान अपने नाम करने की मांग करता था और इसे लेकर अक्सर विवाद होता था।
पुतुल देवी ने बताया कि घटना वाले दिन उन्हें फोन कर कहा गया कि “आपके पति की मौत हो गई है, आकर उन्हें ले जाइए।” सूचना मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो अशोक कुमार दास मृत अवस्था में मिले। परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर दामाद ने उन्हें घर बुलाकर उनकी हत्या कर दी।
घटना के बाद मृतक के घर में शोक का माहौल है। परिजनों ने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इधर, नाथनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















