


भागलपुर। जगदीशपुर थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक युवक को लोडेड पिस्टल एवं पांच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कोला खुर्द स्थित सरकारी स्कूल के समीप पुलिस नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार युवक की पहचान शिवम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि वाहन जांच के दौरान युवक के पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाया गया था और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। मामले की गहन जांच जारी है।
















