


का संगम, ड्रोन शो से जगमगाएगी बाबा नगरी
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। इस बार श्रावणी मेला सिर्फ आस्था का नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक और पर्यटन का भी अनूठा संगम बनने जा रहा है। श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव के साथ मनोरंजन और बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रशासन ने ड्रोन शो, जर्मन हैंगर और टेंट सिटी जैसी नई व्यवस्थाओं की तैयारी तेज कर दी है।
इन्हीं तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में पर्यटन विभाग के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार सिंह की मौजूदगी में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों ने अपनी तैयारियों का ब्यौरा दिया और समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने पर जोर दिया गया।
बैठक के बाद जिला पदाधिकारी और संयुक्त सचिव ने अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया। ड्रोन शो, जर्मन हैंगर और टेंट सिटी के लिए संभावित स्थानों का जायजा लेने के बाद विभिन्न रूटों और स्थलों को अंतिम रूप दिया गया।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, चिकित्सा और आपदा प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं की भी गहन समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी तैयारियां तय समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी हों और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेला देश के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है। इस बार उद्देश्य केवल भीड़ प्रबंधन नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार अनुभव उपलब्ध कराना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए हर व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
यदि सभी योजनाएं समय पर पूरी होती हैं, तो इस बार श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं को पहली बार आस्था के साथ हाई-टेक ड्रोन शो और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का भी अनूठा अनुभव मिलेगा।
















