


भागलपुर। जिले के सबौर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

मृतक की पहचान रानी तालाब निवासी आशीष कुमार, पिता फुच्चो मंडल के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान प्रवीण कुमार के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बुधवार रात करीब 11 बजे मोटरसाइकिल से रानी तालाब स्थित अपने घर से शंकरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घोषपुर के समीप तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आशीष कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रवीण कुमार की हालत नाजुक होने के कारण परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार जारी है।
अस्पताल से परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे। आशीष की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सबौर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाया जा सके। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
















