


भीड़ और सड़क हादसों पर अंकुश के लिए प्रशासन का फैसला, ऑटो-टोटो का भी होगा रूट निर्धारण
पूर्णिया: शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और सड़क सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 18 जुलाई 2026 से पूर्णिया से बनमनखी, मधेपुरा और सहरसा जाने वाली बसें अब शहर के मुख्य चौराहों से होकर नहीं गुजरेंगी। नए यातायात व्यवस्था के तहत बसों का संचालन वैकल्पिक मार्ग से कराया जाएगा।

ट्रैफिक डीएसपी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि 10 जुलाई को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया था। इसके तहत पुराने बस रूट को बंद कर नए मार्ग पर परिचालन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गिरजा चौक और मधुबनी मार्ग से बसों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अब बसें बस स्टैंड से निकलकर पॉलिटेक्निक चौक बाईपास होते हुए बनभाग मार्ग से अपने गंतव्य—बनमनखी, मधेपुरा और सहरसा—के लिए रवाना होंगी।
ऑटो-टोटो के लिए भी बनेगा रूट
ट्रैफिक डीएसपी ने बताया कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऑटो और टोटो का भी रूट निर्धारित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रमुख चौराहों पर जाम कम करना और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाना है।
प्रमुख चौक-चौराहों पर लगेगी किराया सूची
यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन जल्द ही बस और ई-रिक्शा (ऑटो/टोटो) का किराया चार्ट शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रदर्शित करेगा। इससे यात्रियों को निर्धारित किराए की जानकारी मिलेगी और मनमाना किराया वसूलने पर रोक लगेगी।
20 जुलाई से लागू होगी कलर कोडिंग व्यवस्था
ट्रैफिक डीएसपी ने बताया कि 20 जुलाई से टेंपो एवं अन्य सार्वजनिक वाहनों के लिए रूटवार कलर कोडिंग व्यवस्था लागू की जाएगी। साथ ही ऑटो चालकों के लिए किराया निर्धारण की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी।
प्रशासन का मानना है कि इन नए यातायात नियमों के लागू होने से शहर में जाम की समस्या कम होगी, सड़क सुरक्षा बेहतर होगी और आम लोगों को सुगम यातायात सुविधा मिल सकेगी।
















