


पूर्णिया: जिलाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) के निर्देश पर प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिले के सभी 14 प्रखंड मुख्यालयों तथा नगर निगम क्षेत्र स्थित नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) के डीसीआर भवन सभागार में विशेष शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में विद्युत विभाग के कनीय एवं सहायक विद्युत अभियंताओं के अलावा विभिन्न सरकारी बैंकों के प्रतिनिधि तथा सोलर पैनल स्थापना से जुड़े अधिकृत वेंडर मौजूद रहे। शिविर के माध्यम से योजना से जुड़े लाभार्थियों को आवेदन, वेंडर चयन एवं ऋण संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
विद्युत विभाग के अनुसार, पूर्व से सत्यापित 1,414 आवेदकों को शिविर में आमंत्रित किया गया था, जिनमें से 476 आवेदकों ने भाग लिया। इस दौरान 87 नए आवेदनों की प्राप्ति हुई। वहीं 26 लाभार्थियों ने अपनी पसंद के अधिकृत वेंडर का चयन किया, जबकि 15 आवेदकों ने सोलर संयंत्र स्थापना के लिए ऋण प्राप्त करने हेतु आवेदन जमा किया। इसके अलावा एक लाभार्थी के घर सोलर पैनल का सफलतापूर्वक अधिष्ठापन भी पूरा किया गया।
जिला प्रशासन ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना से जोड़ना, सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना तथा स्वच्छ, किफायती एवं पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा उपलब्ध कराकर उपभोक्ताओं के बिजली खर्च में कमी लाना है।
















