


पूर्णिया: जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) के निर्देश पर जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित टीबी उन्मूलन अभियान के तहत शुक्रवार को लाइन बाजार स्थित रेड क्रॉस भवन में 65 टीबी मरीजों के बीच पौष्टिक आहार के पैकेट वितरित किए गए। यह कार्यक्रम रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को नियमित दवाओं के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहयोग करना है।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया ने बताया कि निक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को उपचार अवधि के छह माह तक प्रतिमाह 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है, ताकि वे पौष्टिक भोजन एवं आवश्यक सामग्री की खरीद कर सकें।
जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. मोहम्मद तनवीर हैदर ने कहा कि नियमित दवा, समय पर जांच और पौष्टिक आहार के कारण मरीजों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है तथा वे सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं। उन्होंने लोगों से टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने और उपचार का पूरा कोर्स पूरा करने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी रवि शंकर उरांव, टीबी विशेषज्ञ डॉ. दिनेश कुमार, डीपीएम सुरेंद्र कुमार दास, एपिडेमियोलॉजिस्ट नीरज कुमार निराला, डीपीएस राजेश शर्मा, स्वाति वैशन्त्री, मो. मासूम रजा, संजय कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से टीबी के प्रति जागरूक रहने, समय पर जांच कराने तथा उपचार का पूरा कोर्स पूरा करने की अपील की।
















