


@ अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 17.94 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित इस स्टेशन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राष्ट्र को समर्पित किया।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर जिले का शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन अब सिर्फ एक ठहराव नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं और सांस्कृतिक विरासत का नया प्रतीक बन गया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 17.94 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित इस स्टेशन को शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राष्ट्र को समर्पित किया।
देशभर में 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान शिवनारायणपुर स्टेशन भी नई पहचान के साथ ‘अमृत स्टेशन’ के रूप में सामने आया। उद्घाटन समारोह में भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल, कहलगांव के विधायक शभानंद मुकेश, रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत स्कूली बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद निबंध, चित्रकला और वक्तृत्व प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण भी समारोह का मुख्य आकर्षण रहा।
विरासत और आधुनिकता का संगम
राष्ट्रीय राजमार्ग-80 और ऐतिहासिक विक्रमशिला महाविहार के निकट स्थित इस स्टेशन को स्थानीय संस्कृति की झलक के साथ विकसित किया गया है। स्टेशन की इमारत में मधुबनी कला, भागलपुर की सांस्कृतिक पहचान और विक्रमशिला की विरासत को स्थापत्य और आंतरिक सज्जा में शामिल किया गया है।
यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, आरक्षित लाउंज, अत्याधुनिक शौचालय, दो लिफ्ट, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, नया सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और डिजिटल सूचना प्रणाली जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि स्टेशन के कायाकल्प से यात्रियों की सुविधा बढ़ने के साथ-साथ विक्रमशिला महाविहार आने वाले पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा। बेहतर रेल सुविधाओं से स्थानीय व्यापार, कृषि और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।
शिवनारायणपुर अमृत स्टेशन इस बात का उदाहरण है कि रेलवे स्टेशन अब केवल यात्रा का माध्यम नहीं, बल्कि किसी क्षेत्र की संस्कृति, पहचान और विकास की नई तस्वीर भी बन रहे हैं।

















